Friday, 8 August 2014

तुम्हारे ख़त में नया इक सलाम किस का था
न था रक़ीब तो आख़िर वो नाम किस का था

वो क़त्ल कर के हर किसी से पूछते हैं
ये काम किस ने किया है ये काम किस का था

वफ़ा करेंगे ,निबाहेंगे, बात मानेंगे
तुम्हें भी याद है कुछ ये कलाम किस का था

रहा न दिल में वो बेदर्द और दर्द रहा
मुक़ीम कौन हुआ है मुक़ाम किस का था

न पूछ-ताछ थी किसी की वहाँ न आवभगत
तुम्हारी बज़्म में कल एहतमाम किस का था

हमारे ख़त के तो पुर्जे किए पढ़ा भी नहीं
सुना जो तुम ने बा-दिल वो पयाम किस का था

इन्हीं सिफ़ात से होता है आदमी मशहूर
जो लुत्फ़ आप ही करते तो नाम किस का था

तमाम बज़्म जिसे सुन के रह गई मुश्ताक़
कहो, वो तज़्किरा-ए-नातमाम किसका था

गुज़र गया वो ज़माना कहें तो किस से कहें
ख़याल मेरे दिल को सुबह-ओ-शाम किस का था

अगर्चे देखने वाले तेरे हज़ारों थे
तबाह हाल बहुत ज़ेरे-बाम किसका था

हर इक से कहते हैं क्या 'दाग़' बेवफ़ा निकला
ये पूछे इन से कोई वो ग़ुलाम किस का था

#दाग़ देहलवी

Thursday, 7 August 2014

तेरे ज़लवे अब मुझे हर सू नज़र आने लगे 
काश ये भी हो की मुझमे तू नज़र आने लगे 

इब्तेदा ये थी के देखी थी ख़ुशी की एक झलक 
इंतेहा ये है के ग़म हर सू नज़र आने लगे 

बेक़रारी बढ़ते बढ़ते दिल की फ़ितरत बन गयी 
शायद अब तस्कीन का पहलू नज़र आने लगे 

ख़त्म कर दे ऐ सबा अब शाम-ए -ग़म की दास्ताँ 
देख उन आँखों में भी आँसूं नज़र आने लगे 

सू = तरफ 
इब्तेदा = शुरुआत 
तस्कीन = शान्ति